मनेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवविवाहित महिलाओं को चांदी की पायल की जगह गिलट (नकली धातु) की पायल दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को रतनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में शामिल हुई कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें विवाह उपहार के रूप में जो पायल दी गई थी, वह चांदी की नहीं बल्कि गिलट की निकली। वायरल वीडियो में महिलाएं पायल दिखाते हुए इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। महिलाओं का कहना है कि योजना के तहत उन्हें चांदी की पायल मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में पता चला कि दी गई पायल नकली धातु की है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामला महिला एवं बाल विकास विभाग, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले से जुड़ा बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली और सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह शासन की महत्वपूर्ण सामाजिक योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही का मामला माना जाएगा। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। Post Views: 112 Please Share With Your Friends Also Post navigation कथित जहरीली शराब से 8 मौतों का मामला: दफन शवों को निकालकर जांच शुरू रायपुर में आज चढ़ेगा पारा या मिलेगी राहत? घर से निकलने से पहले देखें आज का मौसम