बिलासपुर। चलती बस और अन्य सवारी वाहनों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले कथित गिरोह का रतनपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की सात महिलाओं समेत नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और फरार महिला की तलाश में जुटी है। बस में धक्का-मुक्की कर महिला की चेन चोरी मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत के मुताबिक 2 अगस्त को भगवान राम अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों नेहरू चौक से बस में सवार होकर बांकीमोंगरा लौट रहे थे। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। बस में भीड़ होने के कारण दंपती को सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान शनिचरी चौक रतनपुर के पास कुछ महिलाओं ने गीता प्रधान के साथ जानबूझकर धक्का-मुक्की की और उन्हें घेर लिया।कुछ देर बाद महिलाएं बस से उतर गईं। बस खाली होने पर जब गीता को सीट मिली और उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन गायब थी। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर महिलाओं ने चेन चोरी की है। CCTV फुटेज से पुलिस आरोपियों तक पहुंची मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के CCTV फुटेज खंगाले।फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कोनकोना निवासी के रूप में हुई। इसके बाद रतनपुर पुलिस की टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।कार्रवाई में सात महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बस में महिला के साथ धक्का-मुक्की कर सोने की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि चोरी की चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है।पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चेन बेचकर मिली रकम में से करीब 12 हजार रुपये खर्च करने की जानकारी दी, जबकि उनके कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार महिला की तलाश की जा रही है। इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है— अंजली गिरी लोहारिन बाई सुनीता गिरी रामबाई प्रीती गिरी शिवानी गिरी देवी गिरी नरेश गिरी राम गिरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। भीड़ का फायदा उठाकर करती थीं चेन स्नेचिंग पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह की महिलाएं शहरों में आकर बस, ऑटो और अन्य सवारी वाहनों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देती थीं।पुलिस के अनुसार बड़े धार्मिक आयोजनों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गिरोह के सक्रिय रहने की जानकारी सामने आई है। गिरोह की महिलाएं कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम देती थीं, जबकि उनके पुरुष साथी चोरी के सामान को ठिकाने लगाने का काम करते थे।पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की कुछ महिलाएं पहले भी बिलासपुर में चोरी के मामलों में पकड़ी जा चुकी हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान बस, ऑटो और अन्य वाहनों में हुई चेन स्नेचिंग की कई अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी सामने आ सकती है।पिछले दिनों शहर में इस तरह की चोरी की घटनाओं की शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पुराने मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम की रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चंद्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान बताया गया है। Post Views: 14 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जल्दी ही नियुक्त होंगे तीन नए जज