कांकेर। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत कलगांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा कार्य के दौरान बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिरने से उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों में एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार कलगांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह करीब 60 से 70 ग्रामीण कार्यस्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए ग्रामीण पास के एक कुसुम पेड़ के नीचे एकत्र हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई और उसकी चपेट में कई लोग आ गए।

हादसा इतना भीषण था कि तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में कलगांव के उपसरपंच भी शामिल हैं। वहीं पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अंतागढ़ के बीएमओ डॉ. भेषज रामटेके ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल महिलाओं का उपचार जारी है। एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कांकेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही अंतागढ़ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बांसोड़, तहसील प्रशासन और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। कांकेर सांसद भोजराज नाग ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को प्राकृतिक आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा जनपद पंचायत की श्रद्धांजलि योजना के तहत तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक होने की स्थिति में अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद कलगांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!