रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 से छत्तीसगढ़ के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर आई है। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम कर लिया है। इस विजेता टीम की स्टार खिलाड़ी और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी संजू देवी की इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सुश्री संजू देवी से आत्मीय संवाद करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा, “संजू देवी की इस उपलब्धि से आज पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है। उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार खेल से न केवल प्रदेश का, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।” कांटे की टक्कर में ईरान को दी शिकस्त जापान में खेले गए इस बेहद रोमांचक और कांटे के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 के करीबी अंतर से हराकर सोने पर कब्जा किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का दबदबा रहा। भारत ने अपने सफर में बांग्लादेश को 42-21, जापान को 50-25 और सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। ग्रामीण पृष्ठभूमि से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर संजू देवी छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के केराकछार गांव की रहने वाली हैं। एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और देश को स्वर्ण पदक दिलाना उनकी असाधारण खेल प्रतिभा और कड़े संघर्ष को दर्शाता है। संजू देवी इससे पहले 2025 महिला कबड्डी विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं, जहाँ उन्हें टूर्नामेंट की मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया था। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया है कि संजू देवी की यह स्वर्णिम सफलता छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचलों में रहने वाले अन्य युवा खिलाड़ियों और बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। इस ऐतिहासिक जीत के बाद संजू देवी के गृह जिले कोरबा सहित पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है। Post Views: 7 Please Share With Your Friends Also Post navigation रायपुर: भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा और नामांकन शुल्क जमा करने की तारीख 7 अक्टूबर तक बढ़ी