रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून महीने की शुरुआत मौसम के बदले हुए तेवरों के साथ हुई है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। बीते 24 घंटों में हुई बारिश के चलते तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मानसून की धीमी रफ्तार के कारण जून के पहले पखवाड़े में प्रदेश के कई हिस्सों को हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। बस्तर संभाग में नमी बढ़ने से भीषण गर्मी पर लगाम लग सकती है, लेकिन मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में तापमान फिर से तेजी से बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार अपेक्षा से धीमी है, जिससे उसके छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावित तारीख आगे खिसक सकती है। यदि पर्याप्त बारिश नहीं होती है तो जून के पहले 15 दिनों के दौरान कई इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं।

रविवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि चंद्रपुर में 5 सेंटीमीटर और कुटरू व अंबिकापुर में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तमनार, मुंगेली, बसना, कोमाखान और बागबहरा समेत कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

वहीं तापमान की बात करें तो राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सोमवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ अंधड़ और बारिश की संभावना बनी हुई है। शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!