CG News : छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए निशुल्क इलाज योजना शुरू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहार जायसवाल ने बताया किन अस्पतालों में मिलेगा लाभ

छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए निशुल्क इलाज योजना शुरू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहार जायसवाल ने बताया किन अस्पतालों में मिलेगा लाभ

रायपुर : छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए केंद्र सरकार की नकदी रहित उपचार योजना लागू हो गई है। शुक्रवार को एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस जनहितकारी योजना की जानकारी दी और बताया कि यह सुविधा आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध होगी।

मंत्री जायसवाल ने बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति सात दिनों तक 1.5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज करा सकेगा। एक ही परिवार के दो घायलों के लिए 3 लाख रुपये और तीन घायलों के लिए 4.5 लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध होगा। यह सुविधा आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध सभी अस्पतालों में प्रदान की जाएगी।

विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं तो रेफर कर सकेंगे दूसरे अस्पताल

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया, यदि किसी आयुष्मान संबद्ध अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर या आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हों, तो मरीज को तुरंत अन्य सक्षम अस्पताल में रेफर किया जाएगा। इस प्रक्रिया को ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा ताकि विशेषज्ञ उपचार में देरी न हो। ट्रॉमा और पॉलीट्रॉमा के लिए और अधिक अस्पतालों को योजना में शामिल करने की तैयारी है।

प्रभावी कार्यान्वयन के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों को योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने इस योजना को तुरंत लागू करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया। मंत्री जायसवाल ने कहा कि यह योजना सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए जीवन रक्षक साबित होगी। यह न केवल त्वरित उपचार सुनिश्चित करेगी, बल्कि आर्थिक बोझ भी कम करेगी, जिससे पीड़ितों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Comment

error: Content is protected !!