CG Accident : दर्शन को जा रही कार नाले में गिरी, BJYM मंडल अध्यक्ष समेत 2 की मौत 3 गंभीर रूप से घायल

गरियाबंद : जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। बिलाईगढ़ से भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रही एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिसके कारण भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) के मंडल अध्यक्ष पंकज दास मानिकपुरी (38) और लोकेश साहू (35) की मौत हो गई। हादसे में कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2 बजे बिलाईगढ़ के भटगांव निवासी पांच लोग एक कार में सवार होकर गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। कार चला रहे पंकज दास मानिकपुरी को झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर एक पत्थर से टकराया और सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए,

जिसके चलते पांचों यात्री अंदर ही फंस गए। रात भर चीखने-चिल्लाने के बावजूद उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। सुबह 5 से 6 बजे के बीच स्थानीय लोग जब नाले के पास पहुंचे, तब उनकी नजर कार पर पड़ी। ग्रामीणों ने गेट तोड़कर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पंकज दास और लोकेश साहू की मौत हो चुकी थी। हादसे में तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। फिंगेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!