रायपुर/रांची : गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अब इस पूरे मामले की जांच झारखंड CID करेगी। CID ने इस केस को टेकओवर करते हुए न केवल नई प्राथमिकी दर्ज की है, बल्कि चैनपुर थाना में दर्ज पहले केस की फाइल और संबंधित दस्तावेज भी अपनी कस्टडी में ले लिए हैं। यह मुठभेड़ 11 मार्च को झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। छत्तीसगढ़ के जेल में बंद अमन साहू को एक केस के सिलसिले में झारखंड लाया जा रहा था, तभी मुठभेड़ की घटना सामने आई जिसमें उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद एटीएस इंस्पेक्टर प्रमोद सिंह के बयान पर चैनपुर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब उसी एफआईआर के आधार पर CID ने केस टेकओवर करते हुए जांच की शुरुआत कर दी है। बताया जा रहा है कि CID इस मामले में अलग-अलग एंगल से जांच करेगी, जिसमें पुलिस की कार्यशैली, एनकाउंटर की परिस्थितियाँ और अमन साहू के नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों को भी शामिल किया जा सकता है। गौरतलब है कि इस एनकाउंटर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। अमन साहू की मां ने इस मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। हालांकि, इस याचिका पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है, लेकिन आने वाले समय में कोर्ट के आदेश के बाद जांच की दिशा और गहराई तय हो सकती है। जानकारी के अनुसार, CID की जांच के तहत अमन साहू से जुड़े गैंग के अन्य सदस्यों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो अमन साहू के नेटवर्क की जानकारी पहले से एजेंसियों के पास थी, और अब उसकी मौत के बाद उस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इस हाई-प्रोफाइल केस को लेकर झारखंड के राजनीतिक और पुलिस महकमे में भी हलचल है। अब देखना होगा कि CID की जांच क्या नया मोड़ लाती है और इस एनकाउंटर की सच्चाई क्या सामने आती है। Post Views: 257 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG NEWS : शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए जॉब फेयर 28 अप्रैल को CG JOB : रायपुर में रोजगार मेला का आयोजन, निजी क्षेत्र में 283 पदों पर होगी भर्ती 8वीं पास भी कर सकेंगे आवेदन