रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक शाम 6 बजे मंत्रालय में आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और जनहित से जुड़े फैसलों पर मुहर लगा सकती है। सुशासन तिहार के दौरान प्रदेशभर में मुख्यमंत्री और मंत्री आम जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। ऐसे में यह बैठक राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री द्वारा हाल के दिनों में की गई घोषणाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए भी सरकार कुछ राहतकारी फैसले ले सकती है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य और स्कूलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर गर्मी से निपटने के लिए अतिरिक्त इंतजामों को लेकर भी कैबिनेट में विचार हो सकता है। बैठक का सबसे चर्चित मुद्दा कर्मचारियों की तबादला नीति को लेकर माना जा रहा है। पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में हाल ही में तबादला नीति को मंजूरी दी गई है, जिसके बाद छत्तीसगढ़ में भी कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तबादला बैन हटाने की मांग तेज हो गई है। पिछले तीन वर्षों से प्रदेश में व्यापक स्तर पर तबादले नहीं हुए हैं। ऐसे में कर्मचारी संगठन लंबे समय से तबादला प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, फिलहाल प्रदेश में जनगणना से जुड़ा कार्य चल रहा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि इस वजह से तत्काल तबादलों की प्रक्रिया शुरू होना संभव नहीं दिख रहा। बावजूद इसके, कैबिनेट बैठक में तबादला नीति के प्रारूप या आगामी रणनीति पर चर्चा हो सकती है, ताकि आने वाले समय में प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो सके। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार प्रशासनिक कसावट और कार्य व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से कुछ विभागों में बदलाव की तैयारी कर सकती है। इसके अलावा विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रामीण योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी मंत्रिमंडल में मंथन होने की संभावना है। Post Views: 27 Please Share With Your Friends Also Post navigation भिलाई के कार शोरूम में जमकर बवाल, महिला ने जीएम को मारा थप्पड़ और फेंकी स्याही आज से शुरू हुआ नौतपा, अगले 9 दिनों तक झेलना होगा लू का टॉर्चर…