बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में कथित प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका ने एक युवक की जान ले ली। 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की पहले आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हमला किया गया, फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था। बुधवार रात वह अपने दो दोस्तों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनमें से एक को पहचानकर निखिल ने आवाज लगाई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने पहले निखिल की आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से वह कुछ समझ पाता, उससे पहले उसके साथ मौजूद दोनों साथी वहां से भाग निकले। इसके बाद हमलावरों ने निखिल को निशाना बनाते हुए पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल निखिल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह और कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल के बीच कथित संबंधों का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और चरित्र शंका सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी समेत अन्य संदिग्ध वारदात के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है Post Views: 12 Please Share With Your Friends Also Post navigation शिक्षक की खौफनाक साजिश, पत्नी से अफेयर का था शक, कथित प्रेमी को फोन कर बुलवाया, फिर बाप-बेटे ने मिलकर मार डाला