12 हाथियों के दल ने मचाया उत्पात, दो मकान तोड़े और फसलें रौंदी, मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रभावित गांवों का किया दौरा, पीड़ितों से मिलकर मुआवजा देने के दिए निर्देश

उदयपुर:- वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। हाथियों का एक दल 14 हाथियों सतीमुड़ा में डटा हुआ है तो दूसरा अभी भी करमकठरा जंगल में डटा हुआ है, बीती रात 12 हाथियों के दल ने महेशपुर और मानपुर क्षेत्र में दो ग्रामीणों के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में किसानों की धान सहित अन्य फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।

रायपुर से वापसी के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल हाथी प्रभावित ग्राम लक्ष्मणगढ़, फुंगी, मानपुर और महेशपुर पहुंचे। उन्होंने खेतों में जाकर फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया तथा प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने किसानों को हुए नुकसान की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हाथियों के हमले में मकान क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित महेशपुर निवासी बृजभान यादव और कैलाशो बाई से मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना तथा वन विभाग के अधिकारियों को क्षति का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने वन विभाग के अमले को हाथियों के विचरण क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथियों की आवाजाही वाले गांवों में ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही हाथी प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उनके लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री के दौरे के दौरान रामगढ़ मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह, देवगढ़ मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सिंह, जनपद सदस्य मुन्ना सिंह, अर्जुन सिंह, विजय यादव, डालेश्वर यादव, अनिल सिंह और मनीष बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर एसडीएम रामराज सिंह, वन परिक्षेत्र अधिकारी फेंकू प्रसाद चौबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह तथा प्रभारी वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी राधा कृष्णन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!