बिलासपुर। शहर में शेयर मार्केट में निवेश और आईपीओ (IPO) के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से 8.05 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक्सिस बैंक और एक्सिस सिक्युरिटीज के फर्जी अधिकारी व कस्टमर सर्विस प्रतिनिधि बनकर इस वारदात को अंजाम दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम से जाल में फंसाया, व्हाट्सएप पर जीता भरोसा
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यापार विहार स्थित श्रीराम टावर में रहने वाले अवधेश गुप्ता (31) कोलगेट-पालमोलिव इंडिया में एरिया एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं। 26 जुलाई को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक अनजान आईडी से मैसेज आया था। संपर्क करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का कस्टमर सर्विस रिप्रेजेंटेटिव बताया और शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए भारी रिटर्न दिलाने का लालच दिया। इसके बाद शातिरों ने व्हाट्सएप पर बातचीत कर युवक को अपने झांसे में ले लिया।

फर्जी वेबसाइट और लिंक के जरिए ट्रांसफर कराए पैसे
युवक का भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने उसे एक फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट और कुछ लिंक भेजे। शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश करने के नाम पर आरोपियों ने अवधेश से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 8.05 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब युवक ने अपना मुनाफा और निवेश की गई रकम वापस निकालनी चाही, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर जालसाजों की तलाश शुरू कर दी है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!