बलरामपुर में भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक 22 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आ रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की अंबिकापुर टीम ने मंगलवार को कलेक्टोरेट परिसर में स्थित नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) के दफ्तर में दबिश देकर जिला प्रबंधक (DMO) विद्यासागर गोपाल को 22,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है।

राइस मिलर से मांगी थी रकम
एसीबी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के एक राइस मिल संचालक ने अंबिकापुर एसीबी से शिकायत दर्ज कराई थी। मिलर का आरोप था कि उसकी बकाया राशि के भुगतान को क्लियर करने के एवज में जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

केमिकल लगे नोटों के जाल में फंसे साहब
योजना के अनुसार, मंगलवार को एसीबी के डीएसपी/टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में टीम बलरामपुर पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता राइस मिलर को केमिकल लगे नोट देकर नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय भेजा। जैसे ही राइस मिलर ने रिश्वत की रकम डीएमओ विद्यासागर गोपाल को सौंपी और इशारा किया, दफ्तर के बाहर मुस्तैद एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश दे दी। अधिकारी के पास से केमिकल लगे नोट बरामद कर लिए गए और हाथ धुलाने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे घूसखोरी की पुष्टि हो गई।

कलेक्टोरेट परिसर में मचा हड़कंप
संयुक्त कार्यालय भवन (कलेक्टोरेट परिसर) के भीतर हुई इस अचानक छापामार कार्रवाई से खाद्य विभाग समेत अन्य सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी दफ्तर छोड़कर बाहर निकल आए।

Rest House में चल रही है आगे की कार्रवाई
रंगे हाथों गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी विद्यासागर गोपाल को लेकर स्थानीय रेस्ट हाउस पहुंची है। टीम द्वारा उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कागजी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही अधिकारी की संपत्ति और अन्य फाइलों को लेकर भी जांच की जा सकती है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!