दिल्ली। सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के किलोकरी गांव में सोमवार सुबह घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे का विरोध करना मणिपुर के 54 वर्षीय संगीतकार सी. विक्रम सिंह को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद वहां मौजूद लोगों ने उनकी लात-घूंसों से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या की धारा में एफआइआर दर्ज कर नाबालिग समेत आठ आरोपितों को पकड़ा है।

शोर-शराबे का विरोध करने पर हुआ विवाद

विक्रम सिंह पिछले कई वर्षों से किलोकरी में परिवार के साथ रह रहे थे। वह मूल रूप से मणिपुर के रहने वाले और मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखते थे। वह एक संस्थान के लिए संगीतकार के तौर पर काम करते थे।

दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के मुताबिक, सोमवार सुबह उनके घर के बाहर कुछ डिलीवरी ब्वाॅय और ढाबा कर्मचारी कथित तौर पर शोर-शराबा कर रहे थे। लगातार हो रहे हंगामे से परेशान होकर विक्रम सिंह नीचे आए और उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने विक्रम सिंह पर हमला कर दिया। लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बेटा उन्हें तत्काल होली फैमिली अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान

घटना के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। पुलिस ने एक नाबालिग समेत ढाबा कर्मी भरत कुमार (जीवन नगर), प्रमोद (भगवान नगर), रमजान खान (सनलाइट कॉलोनी-एक), दीपांशु (अमर कॉलोनी), मोहन कुमार (सैनी ढाबा), विजय (किलोकरी) और डिलीवरी ब्वाय मन्नू (किलोकरी) को पकड़ा है। पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नार्थ-ईस्ट के लोगों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

मामले ने दिल्ली में नार्थ-ईस्ट के लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या का कारण शोर-शराबे को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

हालांकि, मणिपुर निवासी विक्रम सिंह की मामूली विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या किए जाने से नार्थ-ईस्ट समुदाय की सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाली हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत का कारण बने हमले से वह परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राजधानी में नार्थ-ईस्ट के लोगों के साथ हुई ज्यादतियों के दर्दनाक जख्म फिर खोल दिए हैं और अधिकारियों तथा दिल्ली पुलिस से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!