उदयपुर/ सरगुजा। भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल ग्राम सीतकालो निवासी 65 वर्षीय चैतु मझवार की उपचार के लिए रायपुर ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना 10 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जंगल क्षेत्र में हुई थी। मंगलवार को गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार चैतु मझवार जंगल में मवेशी चराने के लिए अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान चिंड्रा बाहर रनई टोंगरी, बीट मरेया, कक्ष क्रमांक 2199 के जंगल क्षेत्र में भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तत्काल बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उदयपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय से बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन कटघोरा के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

वन विभाग ने तत्काल दी 25 हजार रुपये की सहायता

घटना की जानकारी मिलने के बाद नवपदस्थ डीएफओ लोकनाथ पटेल के निर्देश एवं एसडीओ बिजेंद्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम मृतक चैतु मझवार के घर पहुंची। वन परिक्षेत्र अधिकारी फेंकू प्रसाद चौबे, वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, वनरक्षक बसंत राम, इग्नेश बैक एवं राजू टोप्पो ने मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

वन अमले ने बताया कि प्रकरण तैयार कर शासन को भेजा जाएगा तथा नियमानुसार शेष सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।

ग्रामीणों में दहशत

भालू के हमले में वृद्ध की मौत के बाद ग्राम सीतकालो सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगल क्षेत्र में मवेशी चराने और रोजमर्रा के कार्यों के लिए जाने को लेकर भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!