दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर महिला शिक्षिका को पिस्टल के बल पर लूट लिया। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने धक्का-मुक्की की, जिसमें शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक दोनों घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, महिला शिक्षिका योगिता ई-रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से ई-रिक्शा का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर शिक्षिका को डराया और लूटपाट शुरू कर दी। जब शिक्षिका और चालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की, जिससे दोनों घायल हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

दिनदहाड़े वारदात से दहशत
दिन के उजाले में हुई इस लूट की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी अब खुलेआम हथियार के दम पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!