रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी भीमगज उर्फ विक्की पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी को शौच के लिए लॉकअप से बाहर लाया गया था, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाना परिसर से ही फरार होने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। सूरजपुर से गिरफ्तार कर रायपुर लाई गई थी पुलिस पुलिस के मुताबिक, भीमगज उर्फ विक्की को चोरी के एक मामले में सूरजपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। 4 अगस्त की रात गंज थाना पुलिस उसे पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर लेकर आई थी। सुरक्षा के लिहाज से उसे गंज थाना के पुरुष बंदीगृह में रखा गया था। शौचालय जाने की बात कही, फिर रच दी फरारी की साजिश बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे आरोपी ने शौच जाने की अनुमति मांगी। लॉकअप में शौचालय नहीं होने के कारण प्रधान आरक्षक उसे थाना परिसर स्थित शौचालय तक लेकर गए। उसकी निगरानी के लिए एक आरक्षक को बाहर तैनात किया गया। इसी दौरान आरोपी ने शौचालय में पानी नहीं आने की शिकायत की। प्रधान आरक्षक मोटर का स्विच चालू करने के लिए कुछ देर के लिए वहां से हटे। बस इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी निगरानी कर रहे आरक्षक को चकमा देकर फरार हो गया। थाना परिसर में मचा हड़कंप, तलाश जारी जब प्रधान आरक्षक वापस लौटे तो ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक ने आरोपी के फरार होने की जानकारी दी। इसके बाद तत्काल थाना परिसर और आसपास के इलाके में तलाश की गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। फरार आरोपी पर एक और केस दर्ज गंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का नया मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम भी सक्रिय कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। Post Views: 13 Please Share With Your Friends Also Post navigation तीन दिन तक बारिश का अलर्ट, जानिए रायपुर समेत पूरे प्रदेश का हाल… CGPSC पेपर लीक केस में पूर्व सचिव को झटका, हाईकोर्ट ने कहा- ‘पेपर लीक हत्या से भी बड़ा अपराध’