बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े ज्वेलरी कारोबारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तरेंगा-रोहरा हाई स्कूल के पास एक सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, दीपक ज्वेलरी के संचालक बलराम सोनी सुबह करीब 9:45 बजे अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें रोककर सोना-चांदी से भरा बैग छीन लिया और दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। हालांकि, लूटे गए सोना-चांदी की कुल कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस व्यापारी से पूछताछ कर नुकसान का आकलन कर रही है। घटना भाटापारा-लिमतरा मुख्य मार्ग पर होने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सुनियोजित वारदात मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। Post Views: 126 Please Share With Your Friends Also Post navigation नौकरी के नाम पर गैंगरेप का झूठा आरोप लगाकर 3 लाख की उगाही, 5 गिरफ्तार… पटवारियों ने पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की उठाई मांग