सक्ती। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोंगरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान को तीन गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूर्णिमा चौहान अपनी मां के साथ मौजूद थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। Post Views: 18 Please Share With Your Friends Also Post navigation 12 लाख का चेक अटकाकर मांगे 2 लाख, एसीबी ने जनपद सीईओ समेत 3 को रिश्वत लेते दबोचा