NEET UG 2026 Re-Exam : नितिन नामदेव, रायपुर. रायपुर सेंट्रल जेल में बंद आरोपी भी आज नीट-यूजी री-एग्जाम में शामिल होगा. हाईकोर्ट के आदेश के बाद छात्र कुणाल तरुणकर को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र लाया गया है.

दरअसल, जिस आरोपी को नीट-यूजी री एग्जाम में शामिल होने की अनुमति दी गई है, वह रायपुर के शिवानंद नगर निवासी कुणाल तरुणकर है. उस पर एक युवती को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है. जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. मामले की जांच के दौरान मृतका की डायरी में लिखे कथित सुसाइड नोट और उसके मोबाइल फोन से मिले साक्ष्यों के आधार पर कुणाल तरुणकर की भूमिका सामने आई. आरोप है कि वह युवती पर मिलने का दबाव बनाता था, उसके साथ गाली-गलौज करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया. इसी मामले में आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था.

इस मामले में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अर्जेंट हियरिंग करते हुए सेंट्रल जेल रायपुर में निरुद्ध छात्र कुणाल तरुणकर को री-NEET परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी है. आवेदक की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने हाईकोर्ट में अंतरिम आवेदन दाखिल कर परीक्षा में शामिल होने के लिए राहत की मांग की थी. मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि आवेदक को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाए और परीक्षा में शामिल होने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इसके बाद जेल प्रशासन ने एएसआई, हवालदार और सिपाहियों की स्पेशल टीम की तैनाती की. यह टीम आज आरोपी को परीक्षा केंद्र लेकर पहुंची है.

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!