बिलासपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना नेहरू नगर स्थित MIG-33 मकान की है, जहां रहने वाली 37 वर्षीय पुष्पलता यादव की उसके पति ने मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना 8 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे की बताई जा रही है। मृतका पुष्पलता यादव अपने पति युवराज यादव के साथ नेहरू नगर MIG-33 में किराए के मकान में रहती थी। युवराज यादव की उम्र करीब 43 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से कोटा क्षेत्र के मोहनभाटा का निवासी है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले मकान मालकिन किराएदारों से घर खाली करने की बात कहने आई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उस समय आरोपी पति युवराज यादव नशे की हालत में था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पत्नी को मारते-पीटते हुए घर के अंदर खींचकर ले गया। इसी दौरान बाथरूम के पास उसने पत्नी का सिर जोर से पटक दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण पुष्पलता यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घरेलू विवाद और नशे की हालत में हुई मारपीट के कारण यह घटना हुई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी युवराज यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। Post Views: 34 Please Share With Your Friends Also Post navigation बिलासपुर में व्यापारी की कार से 8 लाख की उठाईगिरी, शटर बंद करते समय बदमाश ले उड़ा कैश से भरा बैग, घटना का CCTV फुटेज आया सामने बिलासपुर हाई कोर्ट का अहम फैसला: हिंदू परंपरा मानने वाले आदिवासी भी कानून के दायरे में..