बलौदाबाजार। बलौदाबाजार से रायपुर जा रही एक सवारी बस में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि बस चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से बस में सवार लगभग 50 यात्रियों की जान बच गई। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार राजधानी ट्रेवल्स की यह बस सुबह बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस जैसे ही भैंसा गांव के पास सुबह करीब 9 बजे पहुंची तभी इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। आपात स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को सुरक्षित उतारा। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर इंजन में तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। Post Views: 128 Please Share With Your Friends Also Post navigation ब्रेकिंग : अब इस से नाम से जाना जाएगा दामाखेड़ा, राजपत्र में अधिसूचना जारी… बलौदाबाजार में एसडीओ रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार…