Road Accident : 7 बच्चों समेत 10 लोगों की हुई मौत, श्रद्धालुओं के वाहन की ट्रक से हुई टक्कर, दर्शन कर लौट रहे थे सभी
दौसा : राजस्थान के दौसा में बड़ा और भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, सभी लोग श्रद्धालु हैं और खाटूश्याम से दर्शन कर लौट रहे थे। दर्शन करके लौटने के दौरान श्रद्धालुओं के वाहन की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि, मृतकों में 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल है।
बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
जानकारी के अनुसार घटना में 20 से ज्यादा लोग गंभीर घायल हुए हैं जिनमें से 8 लोगों को अब तक जयपुर के एसएमएस अस्पताल में ले जाया जा चुका है। इनमें से 4 से 5 लोगों को आईसीयू में एडमिट किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ओर एसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। पिकअप और ट्रेलर की भिड़ंत के बाद हुई इस दुर्घटना में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
कलेक्टर और एसपी ने दी हादसे की जानकारी
दौसा एसपी सागर राना ने सड़क हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, यह भीषण सड़क हादसा रात में करीब साढ़े 3 से 4 बजे के बीच हुआ है। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा के हैं।
दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिन यात्रियों की दुर्घटना में मृत्यु हुई है वे खाटू श्याम जी के दर्शन करने के बाद उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहे थे। उन्होंने कहा कि, अब तक 10 लोगों की मृत्यु कंफर्म की गई है। वहीं 9 लोगों को जयपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा 4 मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है। कलेक्टर देवेंद्र कुमार कहा कि, एक पैसेंजर ट्रक में ये सारे यात्री आ रहे थे और एक ट्रेलर से इनकी टक्कर हुई थी।