पहली पत्नी के घर मिली पति की अर्धनग्न लाश, हाथ-पैर बंधे…दूसरी पत्नी ने पहली पर लगाया हत्या का आरोप….

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर दिया है। यह घटना शिलांग के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद दिलाती है। अधौरा गांव में 50 वर्षीय मनोज गुप्ता की लाश उसकी पहली पत्नी के घर में अर्धनग्न हालत में पाई गई। शव के हाथ-पैर बंधे थे और शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 29 और 30 जुलाई की दरम्यानी रात मृतक की पहली पत्नी पार्वती गुप्ता (45) ने फोन पर घर की बिजली खराब होने की बात कहकर पति को बुलाया था। इस दौरान महिला ने स्थानीय जनप्रतिनिधि धीरज सिंह देव को भी कॉल कर बताया कि करंट लगने से वह और पति घायल हो गए हैं। जब धीरज सिंह मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से आवाजें आ रही थीं। संदेह होने पर पुलिस को बुलाया गया। दरवाजा तोड़ने की चेतावनी मिलने पर पहली पत्नी ने दरवाजा खोला।

पुलिस को देखते ही बेहोश हुई महिला

दरवाजा खुलते ही पुलिस ने देखा कि मनोज गुप्ता अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ है। हाथ-पैर बंधे हुए थे और बिजली के तार भी पास में गिरे हुए थे। पुलिस को देखते ही पार्वती बेहोश हो गई। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। पार्वती का इलाज फिलहाल पुलिस निगरानी में चल रहा है।

मृतक की दूसरी पत्नी ने बताया कि मनोज बिजली का काम करने के लिए पहली पत्नी के घर गया था। देर रात तक कोई संपर्क नहीं होने पर चिंता बढ़ी। दूसरी पत्नी और परिजनों ने पहली पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, मनोज की दूसरी शादी के बाद दोनों पत्नियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के दूसरी पत्नी से एक बच्चा भी है।

कोतवाली थाना प्रभारी भावेंद्र साहू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट से हत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा।

बड़ा सवाल यह है कि क्या पहली पत्नी इस पूरी साजिश के पीछे है या कोई तीसरा शख्स इसमें शामिल है? आने वाले दिनों में यह रहस्य खुल सकता है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!