कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खालेमुरवेंड के पास नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए और एक ही पेड़ से जा टकराए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिंद्रा कंपनी की यात्री बस रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। वहीं, दूसरी ओर से एक ट्रक लोहा और गिट्टी लेकर आ रहा था। खालेमुरवेंड के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची केशकाल पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है।

इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कांकेर भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति हो सकती है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे-30 पर यातायात भी बाधित हो गया, जिसे पुलिस ने धीरे-धीरे बहाल कराया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!