रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस ने चौंकाने वाली कार्रवाई की है। इस बार कार्रवाई आम तस्कर पर नहीं, बल्कि पुलिस विभाग में पदस्थ एक आरक्षक पर हुई है। पुलिस की टीम ने आरक्षक हिमांशु बर्मन को चिट्टा की बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार कर उसके पास से एक ग्राम हेरोइन बरामद कर जब्त किया है। पुलिस जवान की इस करतूत की जानकारी के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने खुलासा किया कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त टीम को मुखबिर से नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में चिट्टा बेचने की सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया था कि एक्सिस वाहन क्रमांक सीजी 04 पीडब्लू 1372 में बैठकर एक शख्स चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और तलाशी में आरोपी की पहचान 34 वर्षीय आरक्षक हिमांशु बर्मन के रूप में हुई है, जो कि मौजूदा वक्त में रायपुर के थाना आमानाका में पदस्थ था। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा लगभग 1 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायिक रिमांड पर आरोपी आरक्षक को जेल भेज दिया गया है। नशे के कारोबार से जुड़े पुलिस जवान के इस खुलासे के बाद पुलिस अधिकारी नशे के इस अवैध कारोबार के अन्य लिंक तलाशने का प्रयास कर रहे है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जल्द ही आरोपी आरक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के साथ ही विभागीय जांच शुरू की जायेगी। Post Views: 21 Please Share With Your Friends Also Post navigation दुर्ग जिला अस्पताल में नवजात की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप, आप भी सुने पीड़िता की आपबीती CG में युवाओं के लिए सुनहरा मौका! 4 जिलों में जिला समन्वयक पदों पर भर्ती…