रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे पुलिस की कस्टडी में खड़े वाहनों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला रायपुर के यातायात थाना फाफाडीह का है, जहां पुलिस द्वारा जब्त एक मेटाडोर को अज्ञात चोर रात के अंधेरे में लेकर फरार हो गये। घटना की जानकारी के बाद अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक पूरा मामला रायपुर के फाफाडीह यातायात थाना का है। बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल 2026 को प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने पर यातायात पुलिस ने मेटाडोर क्रमांक सीजी 12 बीएच 3683 को जब्त किया था। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को थाना फाफाडीह के सामने सुरक्षार्थ खड़ा कर दिया गया था। चालक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ 8 अप्रैल की सुबह 11 बजे थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। बताया जा रहा है कि वाहन दो दिनों तक थाने के सामने ही खड़ा रहा। लेकिन 9 और 10 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोर थाने के सामने खड़ी मेटाडोर को लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। वाहन गायब होने की जानकारी मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो दिन तक अपने स्तर पर मेटाडोर की तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर अब इस मामले की रिपोर्ट गंज थाने में दर्ज कराया गया है। यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक केशरी कुमार साहू की शिकायत पर गंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी है। पुलिस की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर राजधानी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब थाने के सामने खड़े वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना लाजिमी है। Post Views: 15 Please Share With Your Friends Also Post navigation रायपुर में महिला आरक्षक की फांसी के फंदे से लटकते मिली लाश, पुलिस जुटी जांच में