कोरिया। शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्राथमिक शाला बाला, विकासखंड मनेंद्रगढ़ में पदस्थ प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ये मामला कोरिया जिले का है। यह कार्रवाई कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया। निरीक्षण के समय दोनों शिक्षक स्कूल परिसर में मौजूद थे, लेकिन उनकी स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई। जांच करने पर दोनों शिक्षकों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

मौके पर ही अधिकारियों द्वारा पंचनामा तैयार किया गया और दोनों शिक्षकों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने शराब सेवन की बात स्वीकार की। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। अस्पताल की रिपोर्ट में भी दोनों के नशे में होने की पुष्टि हो गई।

पूरी जांच रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय को भेजी गई, जिसके आधार पर कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने सख्त निर्णय लेते हुए दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया। आदेश में उल्लेख किया गया है कि यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 और 23 का उल्लंघन है। इसके तहत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें शासन के नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे छात्रों के लिए आदर्श भी होते हैं।

ऐसे में ड्यूटी के दौरान नशे में पाया जाना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों के भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।इस घटना ने शिक्षा विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई यह संकेत देती है कि ऐसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!