कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा में आज से पाली महोत्सव का आगाज होगा। 15 और 16 फरवरी को ग्राम पंचायत केराझरिया में आयोजित पाली महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के डिप्टी सीएम अरूण साव के मुख्य आतिथ्य में होगा। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत के संगम से सजा यह महोत्सव क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। जिसमें स्थानीय और छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ ही बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक मीत ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवल और सलमान अली अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।

आज 15 फरवरी की शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट पर भव्य शिव आरती और दीपोत्सव के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य, श्रम, उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। समारोह में सांसद कोरबा ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

शुभारंभ संध्या में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक मीत ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवल और सलमान अली अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू और गायक ऋषिराज पांडेय लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगे। कठपुतली नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।युवाओं के उत्साह को बढ़ावा देने के लिए 15 फरवरी को साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है। महोत्सव का समापन 16 फरवरी की शाम 7 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे तथा अध्यक्षता सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत करेंगी।

समापन संध्या में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे, वहीं बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अपने चर्चित गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। सितार वादन, स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम और कठपुतली नृत्य से समापन समारोह और भी यादगार बनेगा। दो दिवसीय पाली महोत्सव 2026 धार्मिक श्रद्धा, सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का भव्य उत्सव साबित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएंगे।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!