रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में कथित सट्टा किंग रोहित मोटवानी उर्फ रोहित सिंधी समेत कुल पांच सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध सट्टा कारोबार को लेकर हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी उर्फ रोहित सिंधी, आकाश टीटू और राजा साहू सहित कुल पांच लोग शामिल हैं, जो लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा खिलाने के कारोबार में सक्रिय थे। ये आरोपी मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे थे और बड़ी रकम का लेन-देन कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 से अधिक मोबाइल फोन, लगभग 10 लाख रुपये नकद और करोड़ों रुपये के लेन-देन से संबंधित लिखित हिसाब-किताब जब्त किया है। बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने गुप्त रूप से निगरानी शुरू की और पुख्ता जानकारी मिलने पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस ऑपरेशन को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, ताकि कोई आरोपी फरार न हो सके।

इस मामले में गुढियारी थाना में जुआ एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में कितनी बड़ी रकम का लेन-देन हुआ है।

क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह नेटवर्क केवल रायपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य शहरों और राज्यों से भी इसके तार जुड़े हो सकते हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!