केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृहप्रवेश और भूमिपूजन कराया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहे अध्यक्षता में उपस्थित
 

अंबिकापुर। भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित “मोर आवास मोर अधिकार” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को नवीन आवासों की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही जिन हितग्राहियों के मकानों का निर्माण कार्य प्रारंभ होना है, उनका भूमिपूजन कर उन्हें स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश के 51,000 नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का गृहप्रवेश करवाया। इसके साथ ही सरगुजा संभाग में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित सड़कों का वर्चुअल लोकार्पण भी किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूहों की दीदियों को मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित सरगुजा क्षेत्र के सभी विधायक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि,

“अब गरीबों का पक्का मकान बनाने का सपना पूरा हो रहा है। आने वाले समय में नए आवास निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा।”

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए मंत्री चौहान ने कहा,

“भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना को राज्य में रोककर गरीबों के साथ अन्याय किया था। इसलिए छत्तीसगढ़ की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। मामा सिर्फ घोषणा नहीं करता, उसे पूरा भी करता है।”

उन्होंने घोषणा की कि सर्वे सूची में जिनके नाम छूट गए हैं, उन्हें भी योजना में शामिल किया जाएगा और जिनके मकान कच्चे हैं, उन्हें पक्के बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब डबल इंजन की सरकार है, जो विकास के हर वादे को जमीन पर उतारेगी।

शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार

“हमारी सरकार गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से हम हर घर को पक्का मकान देने का संकल्प लेकर आए हैं।”

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!