घटना की मजिस्ट्रियल जांच के दिए गए आदेश रेंगाखार थाना प्रभारी और पूरा स्टॉफ बदला रायपुर, 20 सितंबर 2024मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कवर्धा जिले में ग्राम लोहारीडीह में 15 सितंबर को श्री शिवप्रसाद साहू की मृत्यु के उपरांत घटित आगजनी में श्री रघुनाथ साहू की मृत्यु की दुर्भाग्यजनक घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने इस घटना के परिप्रेक्ष्य में पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों से मारपीट किए जाने की घटना के चलते रेंगाखार थाने के निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक सहित वहां पदस्थ कुल 23 पुलिसकर्मियों को भी हटा दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कबीरधाम जिले के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया गया है। कबीरधाम के कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के स्थान पर श्री गोपाल वर्मा को कबीरधाम जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक पल्लव को हटाकर उनके स्थान पर श्री राजेश कुमार अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि कबीरधाम जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ आईपीएस श्री विकास कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा दिए गए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कबीरधाम द्वारा अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री निर्भय कुमार साहू को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उन्हें 30 दिवस के भीतर निर्धारित बिन्दुओं पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव ने कहा कि भविष्य में इस तरह की किसी भी प्रकार की घटना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। Post Views: 355 Please Share With Your Friends Also Post navigation एकता परिषद के तत्वाधान में शांति एवं सद्भावना पद यात्रा पहुंची मृगाडांड गोंडवाना का जंगी प्रदर्शन में हजारों की संख्या उमड़े लोग, प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच चर्चा जारी