बालोद:- बालोद पुलिस ने अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ट्रामाडोल की 737 कैप्सूल, तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है। जब्त की गई नशीली दवाइयों की कीमत करीब 4,790 रुपए बताई जा रही है। आरोपी इन कैप्सूल को स्कूटी की डिक्की में रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसके अलावा, गांजा और नशीले पदार्थों का सेवन कर मोहल्ले में अशांति फैलाने वाले चार अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। बालोद एसडीओपी विनय साहू के मुताबिक, 10 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि टिकरापारा निवासी सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं अपनी काले रंग की होंडा डियो स्कूटी (CG 24 V 7412) में नशीली दवाइयां रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूटी की तलाशी ली। इस दौरान डिक्की में लाल पॉलीथिन के अंदर ट्रामाडोल की 449 कैप्सूल मिलीं। इनकी कीमत करीब 2,918 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपए कीमत की स्कूटी भी जब्त कर ली। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर दल्लीराजहरा के वार्ड-25 निवासी शंकर नायडू से ट्रामाडोल की 144 कैप्सूल और एक मोबाइल फोन जब्त किया। इसी तरह बालोद के नया पारा निवासी भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल के पास से भी 144 कैप्सूल और एक मोबाइल फोन मिला। दोनों के पास से मिली कैप्सूल की कीमत करीब 936-936 रुपए बताई गई है।

बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत मामला दर्ज किया है। सुशील कुमार आर्य को 10 अक्टूबर और शंकर नायडू व भूपेश्वर साहू को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नशीली दवाइयों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। मामले में आगे की जांच भी जारी है। पुलिस ने 9 अक्टूबर को मोहल्ले में गांजा, शराब और नशीली दवाइयों की बिक्री के साथ अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर छापेमारी की थी। पुलिस के अनुसार, नशे के सेवन से शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!