रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय के पास बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सचिवालय (मंत्रालय) के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक शासकीय बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी जलकर पूरी तरह खाक हो गई। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया।

चलती बस से उठने लगा धुआं, मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्रालय में छुट्टी होने के बाद शाम को बस क्रमांक 3073 शासकीय कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई थी। बस अभी महानदी भवन के पास ही पहुंची थी कि अचानक उसमें से गहरा धुआं उठने लगा। चलती बस में धुआं और आग की लपटें देखकर गाड़ी के भीतर सवार कर्मचारियों में भारी अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

30 से अधिक कर्मचारी थे सवार

घटना के वक्त बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी मौजूद थे, जो अपने दफ्तर का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। आग को तेजी से बढ़ता देख ड्राइ‍वर ने तुरंत गाड़ी रोकी, जिसके बाद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाई और बस के दरवाजे तथा खिड़कियों से बाहर कूदना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में सभी सुरक्षित बाहर आ गए, जिसके तुरंत बाद पूरी बस आग का गोला बन गई।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इस हादसे में सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!