बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र से खाकी को दागदार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे एक गरीब फेरीवाले के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा बेरमी से मारपीट करने और 5 हजार रुपए की अवैध वसूली का सनसनीखेज आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी थाना प्रभारी (TI) सलीम खाखा को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को थाने की कमान सौंपी गई है।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित नकुल प्रसाद मांडरे, जो बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान का निवासी है, गांवों में घूम-घूमकर साड़ी और कपड़े बेचने का काम करता है। 11 सितंबर की सुबह वह मस्तूरी इलाके में कपड़ा बेचने निकला था। रास्ते में मस्तूरी पेट्रोल पंप के पास उसने गाड़ी रोकी, जिसके बाद उसे पता चला कि किसी ने उसकी गाड़ी से मोबाइल चोरी कर लिया है।

थाने में मदद के बदले मिली प्रताड़ना
पीड़ित युवक जब चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने मस्तूरी थाने पहुंचा, तो वहां तैनात मुंशी शिवचरण मरावी ने उसे बाहर से फॉर्म की फोटोकॉपी लाने को कहा। जब वह फॉर्म लेकर लौटा, तो पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट लिखने से साफ मना कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और थाने के अंदर ले जाकर उसे बेरहमी से पीटा। पीड़ित ने यह भी बताया कि जब उसके साथ मारपीट हो रही थी, तब तत्कालीन टीआई सलीम खाखा वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने मातहतों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।

कैश छीना, पत्नी से ऑनलाइन ट्रांसफर कराए पैसे
युवक ने एसएसपी कार्यालय में की गई शिकायत में बताया कि घटना के वक्त उसने थोड़ी शराब पी रखी थी, जिसका फायदा उठाकर पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली। पुलिसकर्मियों ने उसकी जेब से ₹2,000 नकद और गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद उसे छोड़ने के बदले ₹3,000 और मांगे गए। दबाव में आकर युवक ने अपनी पत्नी से ‘सूर्य सागर’ नामक व्यक्ति के नंबर पर ₹3,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। पीड़ित ने इस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के सबूत भी पुलिस अधिकारियों को सौंपे हैं।

एसएसपी की कार्रवाई, टीआई लाइन हाजिर
इस मामले की लिखित शिकायत मिलने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत एक्शन लेते हुए मस्तूरी टीआई सलीम खाखा को हटा दिया है। हालांकि, आधिकारिक आदेश में इसे ‘प्रशासनिक कारण’ बताया गया है, लेकिन चर्चा है कि टीआई के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी पुलिसकर्मियों पर गाज गिरनी तय मानी जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!