रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका है। राज्य सरकार ने जिला कार्यालयों के लिए 100 सहायक ग्रेड-3 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इसके लिए जिला कलेक्टरों को निर्देश भी जारी कर दिए गए है। आइए यहां जानते है पूरी डिटेल्स 100 पदों पर होगी सीधी भर्ती छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार देने और जिला स्तरीय प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा निर्णय लिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में सहायक ग्रेड-3 के 100 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की स्वीकृति प्रदान करते हुए सभी संबंधित जिला कलेक्टरों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी कर दिए हैं। युवाओं के लिए खुलेंगे सरकारी नौकरी के द्वार इस निर्णय पर खुशी जताते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार युवाओं को शासकीय सेवाओं से जोड़ने और आम जनता को पारदर्शी व त्वरित सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासनों में इन पदों की भर्ती से जहाँ एक ओर युवाओं के लिए शासकीय सेवा के नए द्वार खुलेंगे, वहीं दूसरी ओर जिला कार्यालयों के कामकाज में और अधिक कसावट व गतिशीलता आएगी। देखें जिलेवार वैकेंसी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों और प्रचलित सेवाभर्ती नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए संपन्न की जाएगी। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग से भी वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृत 100 पदों मेंगौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 8, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 7, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई 7, मुंगेली 7, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर 7, बलौदाबाजार-भाटापारा 5, गरियाबंद 5, बेमेतरा 5, बिलासपुर 5, कोरबा 5, सक्ती 5, दुर्ग 4, बालोद 4, राजनांदगांव 4, कबीरधाम 3, जांजगीर-चांपा 3, रायगढ़ 3, धमतरी 2, सारंगढ़-बिलाईगढ़ 2, बलरामपुर-रामानुजगंज 2, सूरजपुर 2, सुकमा 2, बीजापुर 2 और जशपुर में 1 पद शामिल हैं। शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्धारित आरक्षण एवं नियमानुसार शीघ्र भर्ती कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए हैं। Post Views: 14 Please Share With Your Friends Also Post navigation 82 लोगों को दिए जाएंगे पुरस्कार, 5 दलों के कुल 43 खिलाड़ी व कोच चयनित