रायपुर। रक्षाबंधन के लिए बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ से पहले रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस की पैदल सर्चिंग टीम ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ मिलकर दोनों महिलाओं को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिलाएं भीड़भाड़ वाले बाजारों और त्योहारी आयोजनों में महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर गले से लॉकेट, सोने की चेन और अन्य आभूषण चोरी करती थीं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों महिलाओं ने रायपुर में चोरी की 7 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

गोल बाजार से मेला स्थल तक करती थीं रेकी

सेंट्रल जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर पुलिस द्वारा पैदल सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों महिला आरोपियों को पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोल बाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेला स्थलों पर घूमकर चोरी करती थीं। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और बच्चों के गले से सोने की चेन, लॉकेट और अन्य आभूषण निकाल लेती थीं।

पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और चोरी किए गए जेवरों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

दोनों आरोपी गुढ़ियारी क्षेत्र की रहने वाली

गिरफ्तार महिला आरोपियों की पहचान नंदिनी राजपूत और सानिया मरकाम के रूप में हुई है। दोनों रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंदिनी राजपूत का पति मोहन राजपूत गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। वह वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहा है।

त्योहारी सीजन में पुलिस की निगरानी बढ़ी

डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पैदल सर्चिंग टीमों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही CCTV कैमरों के जरिए संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान बाजारों में आने वाले लोगों की सुरक्षा और चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!