रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार ग्रहण करने के अगले ही दिन मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), नालंदा परिसर सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने योजनाओं का लाभ समय पर नागरिकों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और मैदानी निरीक्षण के निर्देश दिए। सभी नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के सीएमओ को टीम के साथ रोजाना वार्ड भ्रमण कर कार्यों की स्थिति का जायजा लेने और विभागीय वाट्सऐप ग्रुप में फोटोग्राफ साझा करने को कहा।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा पृथक्करण, चार डस्टबिन व्यवस्था, नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और उचित कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया। प्रमुख सचिव ने विभिन्न निकायों में निर्माणाधीन 38 नालंदा परिसरों का निर्माण प्राथमिकता से समय-सीमा में पूरा करने तथा परिसर तैयार होने से पहले पुस्तकें, कंप्यूटर, लाइब्रेरियन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पर्यटन एवं धार्मिक महत्व के स्थलों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, डस्टबिन और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, शहरी क्षेत्रों में अर्बन फॉरेस्ट्री और पब्लिक गार्डन के विकास तथा नए परिसीमन क्षेत्रों में पेयजल, स्वच्छता, हरियाली और अर्बन एग्रीकल्चर को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय संचालक आर. एक्का, सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!