दुर्ग/धमतरी। छत्तीसगढ़ में ED की चल रही कार्रवाई के बीच दुर्ग और धमतरी से बड़ी अपडेट सामने आई है। दुर्ग में कारोबारी विश्वास गुप्ता के घर पर करीब 8 घंटे तक चली पूछताछ के बाद ED की टीम वहां से रवाना हो गई है। वहीं सजल जैन के ठिकाने पर ED की कार्रवाई अब भी जारी है। दूसरी ओर धमतरी में भी कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े ठिकाने पर जांच चल रही है।

विश्वास गुप्ता से 8 घंटे चली पूछताछ

दुर्ग में विश्वास गुप्ता के घर पर सुबह पहुंची ED की टीम ने करीब 8 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पांच अधिकारियों ने गुप्ता से पूछताछ की और घर में उपलब्ध दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की गई।

पूछताछ पूरी होने के बाद ED के अधिकारी विश्वास गुप्ता के घर से रवाना हो गए हैं। हालांकि, जांच के दौरान क्या जानकारी सामने आई, इसे लेकर फिलहाल ED की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सजल जैन के घर पर जांच जारी

वहीं दुर्ग में ही कारोबारी सजल जैन के घर पर ED की कार्रवाई अभी जारी है। यहां करीब एक दर्जन अधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद बताए जा रहे हैं। टीम दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

विश्वास गुप्ता और सजल जैन दोनों रिद्धि सिद्धि बिल्डर्स में पार्टनर बताए जा रहे हैं। इसी कारोबारी कनेक्शन के चलते दोनों के ठिकानों पर ED की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

धमतरी में भी रामगोपाल अग्रवाल के ठिकाने पर कार्रवाई

इधर धमतरी में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े सिहावा रोड स्थित आवास पर भी ED की टीम जांच कर रही है। यहां अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।

रामगोपाल अग्रवाल को कथित शराब घोटाले के अलावा कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में भी आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल ED की न्यायिक रिमांड में जेल में बंद हैं।

कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

ED की कार्रवाई रायपुर, दुर्ग और धमतरी में अलग-अलग ठिकानों पर चल रही है। रायपुर में रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित आवास के साथ उनके करीबी माने जाने वाले कारोबारी अनूप अग्रवाल के रवि नगर स्थित घर पर भी जांच की गई है।

दुर्ग में विश्वास गुप्ता से पूछताछ पूरी हो चुकी है, जबकि सजल जैन के घर पर कार्रवाई जारी है। वहीं धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े ठिकाने पर जांच चल रही है।

फिलहाल ED की ओर से इन छापों में बरामद दस्तावेजों या पूछताछ में सामने आई जानकारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई का पूरा ब्यौरा सामने आने की उम्मीद है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!