उदयपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर उदयपुर में आदिवासी समाज का विशाल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग एकजुट होकर जल, जंगल और जमीन सहित समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए रामगढ़ के सीताबेंगरा स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

दोपहर 12 बजे सलका चौक से विशाल रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए रामगढ़ के सीताबेंगरा दोपहर 2 बजे पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में आदिवासी एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देखने को मिला।

समाज की एकजुटता और कुरीतियों को दूर करने का लिया संकल्प

सीताबेंगरा में दिनभर चले कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आदिवासी समाज की एकजुटता, अधिकारों और सामाजिक विकास को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने समाज के प्रमुख लोगों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

इस दौरान समाज में व्याप्त विभिन्न बुराइयों और कुरीतियों को दूर करने के लिए सामाजिक पहल करने का संकल्प भी लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए शिक्षा, जागरूकता, सामाजिक एकता और अपने अधिकारों के प्रति सजगता जरूरी है।

16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपने की जानकारी

कार्यक्रम के पश्चात माननीय राज्यपाल महोदय के नाम 16 बिंदुओं का ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी, उदयपुर को सौंपने की जानकारी दी गई। ज्ञापन के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को शासन तक पहुंचाने की बात कही गई।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

विशाल आयोजन को देखते हुए उदयपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में उदयपुर पुलिस बल काफी संख्या में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष विजय कोर्राम, कंवर समाज प्रमुख जगेश्वर साय पैकरा, रविदास समाज से बी बी राम, गोड समाज से नवल सिंह, उरांव समाज से नान साय मिंज, पण्डो समाज से श्यामलाल पण्डो, बिंझिया समाज से फ्लेश्वर सिरदार, मझवार समाज से कलम साय मझवार तथा जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जनपद सदस्य श्रवण वरकडे, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रदीप मरकाम, जिला पंचायत सदस्य रैमूनिया करियम, पूर्व सरपंच रोहित टेकाम, सरपंच संघ उपाध्यक्ष अनिमा पैकरा, देव सिंह करियम, देवलोचन, मनोहर, हुकुम, मोहे लाल, समाज गोविंद, गोविंद वरकडे, महेश, अनिल टोप्पो, पीआर तिर्की, नरहरि सिंह सहित अन्य लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 8 से 10 हजार लोगों की उपस्थिति रही। विशाल जनसमूह की मौजूदगी ने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज की एकजुटता और सामाजिक चेतना का संदेश दिया।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!