रायपुर। कम कीमत में भारी मात्रा में सोना खरीदने का सपना एक कारोबारी के लिए महंगा साबित हुआ। राजधानी रायपुर में कथित तौर पर खुदाई में मिला 2 किलो सोने का हार बेचने का झांसा देकर मां-बेटे ने एक कारोबारी से 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। बाद में जांच में हार नकली निकला तो पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस के मुताबिक भिलाई निवासी सैनेटरी कारोबारी धवल बडोदरिया की पहचान एक परिचित के जरिए राजेश प्रजापति से हुई थी। राजेश ने दावा किया कि खुदाई के दौरान उसे पीतल के बर्तन में पुराना सोने का हार मिला है। भरोसा जीतने के लिए उसने हार का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो परीक्षण में असली सोना निकला। इसी चालाकी ने कारोबारी को जाल में फंसा दिया। बताया जा रहा है कि सौदे से पहले आरोपियों ने एक और नमूना जांच के लिए दिया, जो भी सोना निकला। लगातार दो बार परीक्षण सही आने के बाद कारोबारी को यकीन हो गया कि पूरा हार असली है। इसके बाद 23 जून को रायपुरा क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सौदा तय हुआ और कारोबारी ने 10 लाख रुपये नकद देकर कथित 2 किलो का हार खरीद लिया। हालांकि असली खेल सौदा पूरा होने के बाद सामने आया। कारोबारी ने हार का हिस्सा अलग-अलग ज्वेलर्स से जांच कराया तो अलग-अलग राय मिली। संदेह बढ़ने पर जब एक अनुभवी ज्वेलर से परीक्षण कराया गया तो पूरा हार नकली निकला। इसके बाद कारोबारी को समझ आया कि उसके साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है। पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि क्या इसी तरह की ठगी के अन्य मामले भी उनके खिलाफ दर्ज हैं। Post Views: 7 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG News: स्कूलों के 500 मीटर तक ड्रग्स पर सख्त बैन