भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में स्थित एक औद्योगिक इकाई से कथित रूप से खतरनाक केमिकल रिसाव होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। केमिकल के प्रभाव से करीब 35 मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मजदूरों की आंखों और चेहरे पर हुई जलन
जानकारी के अनुसार, देर रात भिलाई-3 स्थित एक कंपनी से कथित तौर पर किसी रासायनिक पदार्थ का उत्सर्जन हुआ। इसके प्रभाव में पास की शिवालिक कंपनी में काम कर रहे मजदूर आ गए। अचानक मजदूरों की आंखों में तेज जलन, चेहरे पर परेशानी और अन्य शारीरिक दिक्कतें शुरू हो गईं।स्थिति गंभीर होते देख प्रभावित मजदूरों को तत्काल सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

करीब 35 मजदूर प्रभावित
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना से लगभग 35 मजदूर प्रभावित हुए हैं। अस्पताल में भर्ती सभी मजदूरों की स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी की स्थिति गंभीर होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय रहवासियों ने भी जताई चिंता
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि संबंधित कंपनी से निकलने वाले रासायनिक पदार्थों के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई रहवासियों ने स्किन एलर्जी और जलन जैसी शिकायतें होने की बात कही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी और चिंता का माहौल है।

जांच के बाद सामने आएगा सच
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले को गंभीरता से लिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की तैयारी की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूरों की तबीयत बिगड़ने की वजह वास्तव में केमिकल रिसाव था या कोई अन्य कारण।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!