धमतरी। शहर के डाक बंगला वार्ड में दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को वार्ड के रहवासियों ने कांग्रेसी पार्षदों के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय का घेराव किया और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में खाली मटकियां लेकर निगम कार्यालय पहुंचकर स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की मांग की। सुबह से ही बड़ी संख्या में वार्डवासी निगम कार्यालय के सामने जुटने लगे थे। प्रदर्शनकारियों ने निगम दफ्तर के मुख्य गेट पर बैठकर जोरदार नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि लंबे समय से वार्ड में दूषित और गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है, जिसके कारण लोगों की तबीयत खराब हो रही है। कई घरों में बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन निगम प्रशासन समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि नल से आने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। पानी से बदबू आ रही है और उसमें गंदगी भी दिखाई दे रही है। इसके बावजूद निगम प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हो रहा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पार्षद भी वार्डवासियों के समर्थन में निगम कार्यालय पहुंचे। पार्षदों ने निगम प्रशासन और शासन पर लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन यहां लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने निगम परिसर के भीतर प्रवेश करने की कोशिश की। पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते कुछ देर तक धक्कामुक्की की स्थिति बनी रही। हालात बिगड़ते देख निगम कार्यालय के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए। मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी पार्षदों ने डिप्टी कमिश्नर के सामने मटकियां फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। वार्डवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई में व्यस्त है, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हो रही है। इधर, निगम अधिकारियों ने मामले में जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और जहां तकनीकी समस्या है, उसे तत्काल दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। Post Views: 20 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी भीषण गर्मी, बिलासपुर 45 डिग्री के पार, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी बॉलीवुड सिंगर ऐश्वर्या पंडित के घर पुलिस का छापा, चोरी का सामान बरामद; पति की शिकायत पर कार्रवाई