दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के जरिए महिला को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राधेलाल माहरा ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। जैसे ही महिला ने रिक्वेस्ट स्वीकार की, आरोपी ने बातचीत शुरू कर दी और धीरे-धीरे व्हाट्सएप के जरिए संपर्क बढ़ाया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील तस्वीरें भेजकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक बना दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, वह लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए दबाव बनाता रहा और अपनी मांगें पूरी करने के लिए डराता रहा। पीड़िता ने जब उसकी मांगों को मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी और तेज कर दी। परेशान होकर महिला ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी को बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े अहम स्क्रीनशॉट भी जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के साइबर अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें। Post Views: 19 Please Share With Your Friends Also Post navigation JEE Mains में हाईटेक चीटिंग का मामला, चप्पल काटकर मोबाइल छिपाया