रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक शादीशुदा महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान का फायदा उठाकर एक युवक महिला के घर में घुस गया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। 29 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि करीब तीन साल पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से बाराद्वार के वार्ड नंबर 10 सोसायटी रोड निवासी 27 वर्षीय शुभम यादव से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती रही, लेकिन कुछ समय बाद युवक अश्लील मैसेज भेजने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। इससे परेशान होकर महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी थी।

इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कॉल और मैसेज कर महिला को परेशान करता रहा। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे महिला का पति बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया और महिला के साथ गंदी हरकत करते हुए छेड़छाड़ करने लगा।

महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया और अपने पति को फोन करने लगी। इस पर आरोपी ने गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर मौके से भाग निकला। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने पुलिस लाइन स्टाफ के साथ बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़छाड़ या सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित महिलाओं से अपील है कि वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!