कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां संतान न होने और चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी किसान ने फावड़े से हमला कर पत्नी की जान ले ली और वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37) की शादी करीब 18 साल पहले रंजना यादव (35) से हुई थी। इतने वर्षों बाद भी संतान न होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। साथ ही आरोपी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था, जिससे घरेलू कलह बढ़ती चली गई। घटना वाले दिन रंजना यादव मेला देखकर मायके से लौटी थी। रविवार शाम पति-पत्नी के बीच पुरानी बातों को लेकर फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर तुलसी यादव ने फावड़े से पत्नी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रंजना जमीन पर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल अवस्था में रंजना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। Post Views: 105 Please Share With Your Friends Also Post navigation पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 2 TI समेत 14 पुलिसकर्मियों का तबादला पिता की समझाइश बेटी को न आई रास, हंसिया से जानलेवा हमला कर पिता को उतारा मौत के घाट