बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से प्रेम संबंधों के खौफनाक अंत का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने से नाराज प्रेमिका ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार कॉलोनी की है, जहां दिनदहाड़े हुए इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कामता (कांता) प्रसाद, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खुटाघाट कर्रा का निवासी था और बिलासपुर में नौकरी के सिलसिले में रह रहा था। कामता प्रसाद शहर के एक होटल/रेस्टोरेंट में सेफ (शेफ) के सहायक के रूप में काम करता था। रेस्टोरेंट संचालक द्वारा कर्मचारियों के लिए किराए पर लिए गए शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी स्थित मकान में वह अपने एक साथी के साथ रहता था।

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले कामता प्रसाद की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम झलमला निवासी रौशनी सूर्यवंशी (22 वर्ष) से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली और दोनों मिलने-जुलने लगे। हालांकि हाल के दिनों में दोनों के रिश्ते में तनाव आ गया था। पुलिस के मुताबिक, दो–तीन दिन पहले कामता प्रसाद ने किसी बात को लेकर रौशनी को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था। इससे रौशनी काफी नाराज थी और उसे शक था कि कामता किसी दूसरी लड़की से बातचीत कर रहा है।

इसी नाराजगी और शक के चलते बुधवार सुबह करीब 11 बजे रौशनी सूर्यवंशी अपने साथ चाकू लेकर शुभम विहार स्थित कामता के किराए के मकान पहुंची। उस समय घर में कामता के साथ उसका एक दोस्त भी मौजूद था। आरोप है कि रौशनी ने कामता से उसका मोबाइल फोन यह कहकर मांगा कि वह देखना चाहती है कि वह किससे बात करता है। जब कामता ने मोबाइल दिखाने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में आकर रौशनी ने अचानक अपने साथ लाया चाकू निकाल लिया और सीधे कामता प्रसाद के सीने पर वार कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि कामता संभल नहीं पाया। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद घर में मौजूद उसके दोस्त ने शोर मचाया, जिस पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और युवती को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी रौशनी सूर्यवंशी ने प्रारंभिक तौर पर स्वीकार किया है कि इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने और किसी अन्य युवती से संबंध के शक के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है और हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!