CG: गहनों के लालच में महिला को उतारा मौत के घाट, पुलिस से बचने जला दी लाश

महासमुंद:- महासमुंद जिले में कोडार डैम के पास मिली जली हुई महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंधे कत्ल की इस वारदात के करीब 10 महीने बाद पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्यारे सूरज ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने गहनों की लालच में महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को आग के हवाले कर दिया था, ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके।

गौरतलब है कि 2 अप्रैल 2025 को महासमुंद के कोडार डैम के सागौन जंगल में एक अज्ञात महिला की जली हालत में क्षत-विक्षत लाश मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और डीएनए परीक्षण कराया था। जांच के बाद मृतका की पहचान धमतरी निवासी 55 वर्षीय सुनीता रजक के रूप में हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। पता चला कि सुनीता रजक अपनी बड़ी बहन के घर ग्राम पटेवा मड़ई मेला देखने आई थी। वहां से महासमुंद जाने के लिए उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट ली थी। इसके बाद से वह लापता हो गई। जिसकी गुमशुदगी पटेवा थाने में दर्ज कराई गई थी। इस जानकारी के बाद जब पुलिस की जांच आगे बड़ी तो आरोपी का सुराग पुलिस के हाथ लगा।

पुलिस ने महिला को लिफ्ट देेने वाले युवक की तलाश शुरू की।जांच के दौरान खल्लारी थाना क्षेत्र के खुंटेरी गांव निवासी सूरज ध्रुव का सुराग मिला। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि 30 जनवरी को उसने पटेवा बस्ती के नंदी चौक के पास सुनीता को बाइक में बैठाया था। महिला को महासमुंद छोड़ने का झांसा देकर उसे वह कोडार डैम घुमाने ले गया। जहां बाद में काम दिलाने और साथ रखने का भरोसा देकर अपने जीजा के घर के पीछे लंबे समय से बंद मकान में सुनीता को करीब डेढ़ माह तक रखा।

जब महिला घर जाने की जिद करने लगी, तब गहनों के लालच में उसने उसकी हत्या की साजिश रची। और कोडार डेम के पास महिला को ले जाकर साड़ी से उसका गला घोंटकर पहले हत्या कर दी। इसके बाद इस हत्याकांड पर पर्दा डालने के लिए उसने लाश को जला दिया। पुलिस ने खुुलासा किया कि गिरफ्तार आरोपी इससे पहले पत्नी की हत्या के मामले में 6 साल जेल में सजा काट चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने गहनों की लालच में दोबारा हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के इस खुलासे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!