शराब पार्टी में खूनी खेल, मामूली विवाद में दोस्तों ने मिलकर युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट जांजगीर-चांपा:- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात शराब पीने के दौरान आपसी विवाद में दोस्तों ने मिलकर रोहित महंत नामक युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए चांपा पुलिस ने कुछ ही घंटों में छह आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। प्रार्थी प्रमोद कुर्रे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे सागर कर्ष अपने साथियों के साथ घोघरा नाला स्थित रवि चतुर्वेदानी की किराना दुकान के पास शराब पीने की बात को लेकर गाली-गलौज और आपस में झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान रोहित महंत सागर कर्ष को गंदी-गंदी गालियां दे रहा था, जिस पर सागर ने उसे 3–4 थप्पड़ मारे। इसके बाद रोहित वहां से भाग गया। लड़ाई-झगड़े के बाद सागर कर्ष अपने साथी नागेश्वर नायडू, अश्वनी कुमार सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू के साथ घोघरा नाला नदी किनारे मुक्तिधाम के पास बैठा था। उसी समय करीब 9:30 बजे रोहित महंत फिर वहां पहुंचा और सागर तथा उसके साथियों को दोबारा गाली-गलौज करने लगा। इसके कारण फिर से झगड़ा शुरू हो गया। रोहित द्वारा बार-बार गाली देने से परेशान होकर सागर कर्ष और उसके साथियों ने एक राय होकर रोहित पर हमला कर दिया। नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि सागर कर्ष ने डंडे से उसके सिर पर प्राणघातक हमला किया, जिससे वह अचेत होकर गिर गया। इसके बाद सागर ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस शिकायत पर पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। Post Views: 80 Please Share With Your Friends Also Post navigation शिक्षक की शर्मनाक हरकत, छात्रा का पीछा करते हुए घर में घुसा और फिर कर दिया ये कांड CG: धान खरीदी पर साय सरकार का सख्त रुख, रायपुर में जिला प्रशासन अलर्ट, बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई