कोरबा। जिले के वनांचल क्षेत्र पसान में चरित्र शंका के चलते एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर उसका सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम साजाकछार सारिसमार निवासी प्रार्थी नन्नू कूजूर ने बताया कि 9 मार्च की रात वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर मुर्गा-भात खाने गया था। भोजन के बाद वह अपने घर लौट आया। उसी रात राजूलाल और उसकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर राजूलाल ने लकड़ी के बहिंगा (डंडे) से उर्मिला के सिर पर कई वार किए और उसका सिर दीवार पर पटक दिया। गंभीर चोटों के कारण उर्मिला बाई की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में ही रहा। अगली सुबह करीब 7 बजे उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उर्मिला बाई का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और घर की दीवारों पर भी खून के निशान थे।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के निर्देश पर थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूछताछ में आरोपी राजूलाल कूजूर (37 वर्ष) ने चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका के कारण पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!